Drishyam 3: ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल… 3 दिन में 272 करोड़ पार

Drishyam 3: ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल… 3 दिन में 272 करोड़ पार

रायपुर, 05 अक्टूबर। Drishyam 3: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पहले वीकेंड में ही मजबूत कमाई दर्ज की है। महज तीन दिनों में फिल्म का दुनियाभर का कलेक्शन 272.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

तीन दिनों में 176.50 करोड़ का घरेलू कलेक्शन

‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन भारत में 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 53.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तीसरे दिन कमाई बढ़कर 61 करोड़ रुपये पहुंच गई।

इस तरह तीन दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 176.50 करोड़ रुपये हो गया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 211.80 करोड़ रुपये रहा। वहीं विदेशों में फिल्म ने तीन दिनों में करीब 61 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 272.80 करोड़ रुपये पहुंच गया।

अजय देवगन की इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

फिल्म ने सिर्फ तीन दिनों में अजय देवगन की कई फिल्मों के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इनमें ‘रेड 2’, ‘धमाल 4’, ‘टोटल धमाल’, ‘सिंघम रिटर्न्स’, ‘शैतान’, ‘बोल बच्चन’ और ‘गोलमाल 3’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, ‘रेड 2’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 235.80 करोड़, ‘धमाल 4’ का 231.60 करोड़ और ‘टोटल धमाल’ का 228 करोड़ रुपये रहा था। वहीं ‘सिंघम रिटर्न्स’ ने 220 करोड़ और ‘शैतान’ ने 212.20 करोड़ रुपये का वैश्विक कलेक्शन किया था।

300 करोड़ क्लब के करीब पहुंची फिल्म

तीन दिनों में 272.80 करोड़ रुपये की कमाई के बाद ‘दृश्यम 3’ अब 300 करोड़ रुपये के क्लब के बेहद करीब पहुंच गई है। फिल्म की मौजूदा कमाई को देखते हुए यह आंकड़ा जल्द पार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Trending