Raipur News: हल्दी बीज वितरण में गड़बड़ी की शिकायत… कृषि मंत्री ने जांच के दिए निर्देश

Raipur News: हल्दी बीज वितरण में गड़बड़ी की शिकायत… कृषि मंत्री ने जांच के दिए निर्देश

रायपुर, 16 अक्टूबर। Raipur News: छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए चलाई जा रही मसाला क्षेत्र विस्तार प्रोत्साहन योजना के तहत हल्दी बीज वितरण पर सवाल उठे हैं। अलग-अलग जिलों से मिली अनियमितताओं की शिकायतों के बाद उद्यानिकी विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निर्देश पर संचालनालय स्तर पर विशेष टीम गठित की गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित इस योजना को लेकर विभाग अब यह पता लगा रहा है कि किसानों को तय मात्रा में हल्दी बीज मिला या नहीं और बीज की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं।

जिलों से मांगा गया पूरा रिकॉर्ड

शिकायतों की पड़ताल के लिए उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय ने जिला अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसमें किसानों को दी गई बीज की मात्रा, आपूर्तिकर्ता संस्थाओं से मिले बीज का विवरण और उसकी गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

इसके अलावा, योजना में पंजीकृत किसानों को अब तक दी गई अनुदान राशि और उससे संबंधित रिकॉर्ड भी तलब किया गया है। दस्तावेजों के आधार पर यह जांच की जाएगी कि सरकारी सहायता पात्र किसानों तक पहुंची या नहीं और कहीं वित्तीय अनियमितता तो नहीं हुई।

दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्पष्ट किया है कि किसानों से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी सामने आने पर उसके खिलाफ अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य खबर