Raipur News: गणेश विसर्जन झांकी से पहले जर्जर मकानों को नोटिस… महापौर ने किया निरीक्षण

Raipur News: गणेश विसर्जन झांकी से पहले जर्जर मकानों को नोटिस… महापौर ने किया निरीक्षण

रायपुर, 27 सितंबर। Raipur News: राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकी को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। झांकी में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुराने और जर्जर भवनों को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है।

इसी क्रम में महापौर मीनल चौबे ने फूलचौक से सदर बाजार तक झांकी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम की टीम ने मार्ग पर मौजूद 15 ऐसे भवनों की स्थिति देखी, जिन्हें पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है।

नगर निगम ने संबंधित भवन मालिकों के नाम नोटिस तैयार कर उन्हें मकानों पर चस्पा किया है। निगम ने निर्देश दिए हैं कि झांकी के दौरान इन जर्जर भवनों को खाली रखा जाए और सुरक्षा के लिए प्रवेश बंद कर ताला लगाया जाए। साथ ही छत और ऊपरी मंजिलों पर लोगों के जमा होने पर भी रोक रहेगी।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि झांकी देखने आने वाले किसी भी व्यक्ति को जर्जर भवनों में प्रवेश न मिले। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा कर कमजोर भवनों के आसपास बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिन स्थानों पर झांकी देखने के लिए ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना है, वहां विशेष रूप से बैरिकेड लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को जर्जर भवनों से सुरक्षित दूरी पर रखना और भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन करना है।

झांकी के दौरान पुलिस और नगर निगम की टीमें पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखेंगी। भवन मालिकों को भी सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी और संबंधित थाना पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य खबर