रायपुर, 27 सितंबर। Saragaon: राजधानी रायपुर के नजदीक सारागांव में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे की यात्री बस कोल्हान नाले में तेज बहाव के बीच फंस गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे।
नाले में पानी का बहाव बढ़ने के कारण पुलिस टीम पहले से ही मौके पर तैनात थी और वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी। बताया जा रहा है कि बस जब नाले के पास पहुंची तो यात्रियों ने पानी का तेज बहाव देखकर चालक को आगे नहीं बढ़ने की सलाह दी। इसके बावजूद चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया।
इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को किनारे करना पड़ा और वह पानी के बहाव में फंस गई। बस के फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री खिड़कियों से बाहर निकलने की तैयारी करने लगे।
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए। पुलिस और ग्रामीणों ने बस की दाईं ओर की खिड़कियों के जरिए यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया।
समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि चेतावनी और तेज बहाव के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया।
पुलिस ने बस का परमिट, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की है। विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था और पुलिस वाहनों को रोक रही थी। इसी दौरान बस आगे निकल गई और ट्रकों को रास्ता देने के दौरान पानी के बहाव में फंस गई। मामले की जांच जारी है।


