Sarguja Road Accident: सरगुजा में दर्दनाक सड़क हादसा… ट्रेलर की टक्कर से दो किशोरों की मौत

Sarguja Road Accident: सरगुजा में दर्दनाक सड़क हादसा… ट्रेलर की टक्कर से दो किशोरों की मौत

सरगुजा, 21 अक्टूबर। Sarguja Road Accident: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे दो किशोरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह बतौली थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काराबेल और बिशुनपुर के बीच तेज रफ्तार सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी मोपेड को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे दोनों किशोर

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनतराई निवासी 16 वर्षीय पवन मांझी, पिता कुसित मांझी, और 15 वर्षीय सूर्यकांत पैकरा, पिता हरिलाल पैकरा, मंगलवार रात बतौली के शांतिपारा दशहरा मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेला देखने गए थे।

दोनों पूरी रात मेला देखने के बाद बुधवार सुबह करीब 6 बजे टीवीएस एक्सएल मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर-सीतापुर नेशनल हाईवे पर काराबेल और बिशुनपुर के बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।

मौके पर ही दोनों की मौत

टक्कर के बाद दोनों किशोर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना में मोपेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस जांच में जुटी, ट्रेलर चालक की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।

Breaking News