नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। Sonia Gandhi autobiography: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्ग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा की है। वीडियो पोस्ट कर उन्होंने किताब के बारे में जानकारी दी। सोनिया गांधी के मुताबिक, यह किताब प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने के दुख और जीवन में अपनी पहचान तलाशने की कहानी है।
सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपनी आत्मकथा की पहली झलक सभी के साथ साझा करके बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने किताब को पाठकों तक पहुंचाने की इच्छा भी जाहिर की।
इटली में बचपन से राजीव गांधी से मुलाकात तक का सफर
आत्मकथा में सोनिया गांधी के जीवन के कई अहम पड़ावों का जिक्र है। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बीता उनका बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और दोनों के बीच विकसित हुए प्रेम संबंधों की कहानी शामिल है। इसके बाद उनके भारत आने और यहां परिवार के साथ जीवन बिताने के अनुभवों को भी जगह दी गई है।
इंदिरा और राजीव गांधी को खोने का दर्द भी होगा शामिल
किताब में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े भावनात्मक अनुभवों का भी उल्लेख किया गया है। इन घटनाओं ने सोनिया गांधी के जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को किस तरह प्रभावित किया, इसे भी आत्मकथा के जरिए सामने लाने की कोशिश की गई है।
सोनिया गांधी कांग्रेस की लंबे समय तक अध्यक्ष रही हैं। उनकी आत्मकथा के जरिए पाठकों को उनके निजी जीवन, पारिवारिक अनुभवों और भारत में उनके सफर के कई अनछुए पहलुओं को जानने का अवसर मिलेगा।


