SwineFlu Cases: स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर… प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 200 पार

रायपुर, 05 सितम्बर। SwineFlu Cases: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश में 26 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 205 हो गई है। इनमें 57 मरीज एक्टिव हैं, जबकि 44 संक्रमितों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश में सबसे ज्यादा मामले रायपुर जिले से सामने आए हैं। यहां अब तक 89 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद बिलासपुर और दुर्ग में 26-26 मरीज मिले हैं। बदलते मौसम और लगातार बारिश के बीच स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

रायपुर में मिले सबसे ज्यादा नए मरीज

शुक्रवार को मिले 26 नए मामलों में रायपुर में 12 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 6, दुर्ग में 4 और बालोद में 2 नए मरीज सामने आए हैं। जांजगीर और महासमुंद में भी एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है।

फिलहाल अस्पताल में भर्ती संक्रमितों में किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। वहीं 13 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।

H1N1 वायरस से होता है संक्रमण

स्वाइन फ्लू इंफ्लुएंजा समूह के H1N1 वायरस से होने वाला संक्रमण है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से यह संक्रमण फैल सकता है।

इसके सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, सर्दी-खांसी, गले में दर्द और शरीर में दर्द शामिल हैं। बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में संक्रमण का असर अधिक हो सकता है।

इन जिलों में भी मिले मरीज

रायपुर के बाद बिलासपुर और दुर्ग में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। कोरबा में 11, रायगढ़ में 10 और धमतरी में 9 मरीज मिले हैं। महासमुंद और राजनांदगांव में 4-4, जबकि बालोद, बस्तर, बेमेतरा और जांजगीर-चांपा में 3-3 संक्रमित मिले हैं।

इसके अलावा कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2 तथा बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, मनेंद्रगढ़, मोहला-मानपुर और सक्ती में 1-1 मरीज की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बदलते मौसम के बीच लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

राज्य खबर