Tamil Nadu Jail News: बीमार होने का नाटक कर जेल से भागे 17 कैदी… पुलिस की तलाश जारी

Tamil Nadu Jail News: बीमार होने का नाटक कर जेल से भागे 17 कैदी… पुलिस की तलाश जारी

थेनी, 27 अक्टूबर। Tamil Nadu Jail News: तमिलनाडु के थेनी जिले की एक सब-जेल से सोमवार देर रात 17 कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कैदियों ने बीमार होने का नाटक किया और जेल में पहुंचे सुरक्षाकर्मी पर हमला कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है। अब तक चार फरार कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बीमार होने का नाटक कर बनाई फरार होने की योजना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी 17 कैदियों को एक ही सेल में रखा गया था। इनमें से एक कैदी ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसके बाद जब जेल का सुरक्षाकर्मी सेल में पहुंचा, तो कैदियों ने उस पर हमला कर दिया और सभी फरार हो गए।

कैदियों की तलाश में 17 विशेष टीमें गठित

फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमें बनाई हैं। रातभर चले तलाशी अभियान के दौरान चार कैदियों को गिरफ्तार किया गया। बाकी कैदियों की तलाश जारी है। पुलिस विभिन्न वाहनों की जांच कर रही है और जेल परिसर के आसपास के गांवों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

तमिलनाडु-केरल सीमा पर निगरानी बढ़ाई

दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि फरार कैदियों को पकड़ने के लिए तमिलनाडु-केरल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इस अभियान में केरल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी समन्वय किया जा रहा है।

पुलिस जेल के आसपास के गांवों में ड्रोन की मदद से भी कैदियों की तलाश कर रही है। फिलहाल फरार कैदियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

National