रायपुर, 15 अक्टूबर। Teacher Recruitment Exam Update: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती के लिए दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का दोबारा मौका दिया गया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार, अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद फैसला
यह निर्णय छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के पालन में लिया गया है। शिक्षक भर्ती में दिव्यांग अभ्यर्थियों की कुछ श्रेणियों की पात्रता को लेकर विवाद के बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा था।
न्यायालय के आदेश के बाद लोक शिक्षण संचालनालय के प्रस्ताव पर चयन मंडल ने भर्ती विज्ञापन में संशोधन किया है। इसका उद्देश्य पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर उपलब्ध कराना है।
दिसंबर में होंगी भर्ती परीक्षाएं
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी, जबकि शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को होगी। दोनों परीक्षाएं प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएंगी।
पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी मौका
जो अभ्यर्थी पहले ही आवेदन कर चुके हैं, वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने आवेदन में त्रुटि सुधार कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन और सुधार की समय-सीमा का ध्यान रखते हुए जरूरी प्रक्रिया पूरी करें।


