Ujjain Bus Fire: मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की बस बनी आग का गोला

Ujjain Bus Fire: मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की बस बनी आग का गोला

उज्जैन, 06 अक्टूबर। Ujjain Bus Fire: जिले के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के रामवसा इलाके में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की एक बस में अचानक आग लग गई। बस उज्जैन से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक, रामवसा क्षेत्र में पहुंचते ही बस से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए ड्राइवर ने बस रोककर सभी जरूरी कदम उठाए और खुद नीचे उतर गया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी बस जलने लगी।

बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

घटना के समय बस में यात्री सवार थे या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं आग लगने की वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बस में आग लगने के कारणों के साथ-साथ घटना के समय यात्रियों की मौजूदगी को लेकर भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Breaking News