रायपुर, 21 सितम्बर। VB-GRAMJI Update: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रोजगार और विकास से जुड़ी वीबी-जीरामजी योजना के तहत अब गांवों में पहले से ज्यादा तरह के काम कराए जा सकेंगे। योजना में अनुमेय कार्यों की संख्या 318 से बढ़ाकर 375 कर दी गई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुताबिक, इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ सड़क, स्कूल, तालाब, जल संरक्षण, पंचायत भवन, आजीविका और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य कराए जा सकेंगे।
राज्य के 2026-27 के बजट में वीबी-जीरामजी योजना के लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, केंद्र से छत्तीसगढ़ के लिए 3,354.85 करोड़ रुपये का अंतरिम आवंटन मिलने की जानकारी भी दी गई है।
योजना के तहत मजदूरी दर को 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किए जाने की जानकारी दी गई है। 375 अनुमेय कार्यों को 4 मुख्य श्रेणियों और 30 उप-श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इन कार्यों में स्कूलों में शौचालय और अतिरिक्त कक्ष का निर्माण, ग्रामीण सड़कें, चेकडैम, तालाबों का पुनर्जीवन, स्वयं सहायता समूहों के लिए वर्कशेड, ग्रामीण हाट, डेयरी, मत्स्य पालन और अन्य सामुदायिक कार्य शामिल हैं।


