कोलकाता, 05 सितम्बर। West Bengal: पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अगले एक साल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शिक्षा शाखा विद्या भारती के कम से कम 1000 स्कूल खोलने का लक्ष्य रखा है। ये स्कूल राज्य के अलग-अलग जिलों, नगरपालिकाओं और पंचायत क्षेत्रों में खोले जाएंगे।
इस योजना में खास तौर पर मुर्शिदाबाद और दक्षिण 24 परगना में विद्या भारती के स्कूलों के विस्तार पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही राज्य के चार अलग-अलग शिक्षा विभागों को मिलाकर एक ही प्रशासनिक ढांचे में लाने का प्रस्ताव भी सामने आया है। इसमें मदरसा शिक्षा के लिए अलग प्रशासनिक व्यवस्था नहीं रखने की बात कही गई है।
वंदे मातरम को लेकर सख्त संदेश
रिपोर्टों के मुताबिक, सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी और मदरसा स्कूलों में निर्धारित तरीके से पूरा वंदे मातरम नहीं गाए जाने पर सरकारी आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं पर कार्रवाई की जा सकती है।
अभी 313 विद्या भारती स्कूल
बताया गया है कि पश्चिम बंगाल में फिलहाल 313 विद्या भारती स्कूल संचालित हैं। वहीं देशभर में विद्या भारती के 12 हजार से ज्यादा स्कूल और करीब 10 हजार बाल संस्कार केंद्र बताए जाते हैं।
1000 नए स्कूल खोलने के लक्ष्य के बाद पश्चिम बंगाल में RSS से जुड़े विद्या भारती के शैक्षणिक विस्तार और राज्य की शिक्षा व्यवस्था में प्रस्तावित बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


