छत्तीसगढ़, 07 जुलाई| NSUI Elections: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। चुनाव के जरिए प्रदेश, जिला और कॉलेज स्तर पर संगठन के नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। संगठन ने चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला किया है।
पहले चरण में प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में कैंपस अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इस दौरान छात्र-छात्राएं सीधे मतदान कर अपने कैंपस अध्यक्ष का चयन करेंगे। संगठन का कहना है कि इससे छात्र नेतृत्व को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा।
दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर के संगठनात्मक चुनाव कराए जाएंगे। कैंपस स्तर पर चुने गए प्रतिनिधियों के आधार पर जिला और प्रदेश इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके बाद NSUI की नई जिला और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होगा।
16 से 27 वर्ष तक के युवा लड़ सकेंगे चुनाव
NSUI ने चुनाव लड़ने के लिए आयु सीमा 16 से 27 वर्ष निर्धारित की है। इस आयु वर्ग के युवा विभिन्न पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकेंगे।
चुनाव में भाग लेने और मतदान करने के लिए संगठन की सदस्यता लेना अनिवार्य होगा। सदस्यता शुल्क 45 रुपये तय किया गया है।
सदस्यता अभियान भी होगा शुरू
चुनाव प्रक्रिया से पहले कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान छात्र-छात्राओं से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
NSUI के संगठनात्मक चुनावों को लेकर प्रदेशभर के छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। लंबे समय बाद चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से संगठन को नई नेतृत्व टीम मिलेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन चुनावों से छात्र राजनीति को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को नेतृत्व विकसित करने का अवसर मिलेगा। संगठन की ओर से चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी।


