जांजगीर-चांपा, 17 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना ग्राम बनारी की है, जहां नाले में युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान अकलतरा निवासी प्रवीण सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने ससुराल ग्राम पुटपुरा आया हुआ था।
नाले में मिला युवक का शव
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बनारी स्थित नाले में युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
हादसा या हत्या, जांच में जुटी पुलिस
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस हादसे और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


