सरगुजा, 17 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। ग्राम जजगी निवासी विशाल दास उर्फ चीकू बुधवार रात दुकान बंद कर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान खरफरी नाला के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दुकान बंद कर घर लौट रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, विशाल के पिता विश्वनाथ दास उदयपुर सेंट्रल बैंक के पास पान की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार को पिता के निजी काम से बतौली जाने के कारण विशाल दुकान संभाल रहा था। रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद करने के बाद वह अपनी स्कूटी से घर के लिए निकला था।
रात लगभग 9:40 बजे जब वह खरफरी नाला के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विशाल को गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत नाजुक हो गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने घायल विशाल को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। फिलहाल पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।


