बिलासपुर, 27 सितंबर। बिलासपुर में अरपा नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना दयालबंद के मधुबन इलाके की है। शनिवार दोपहर हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम 13 वर्षीय आयान अंसारी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि 16 वर्षीय मोहम्मद इमरेश की तलाश जारी रही।
जानकारी के मुताबिक, मधुबन अटल आवास निवासी आयान अंसारी और मोहम्मद इमरेश कुछ साथियों के साथ अरपा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और पानी में डूब गए। बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के बाद बहकर आ रहे नारियल को निकालने के दौरान एक किशोर गहराई में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा किशोर भी गहरे पानी में चला गया और दोनों लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन और मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में नदी किनारे जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
काफी देर तक चले रेस्क्यू के बाद आयान अंसारी का शव नदी से बरामद किया गया। वहीं, मोहम्मद इमरेश की तलाश जारी रही। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


