मुंबई, 23 जुलाई। Bollywood News: साल 2026 बॉलीवुड के लिए मेगा बजट फिल्मों का साल माना जा रहा है। रणबीर कपूर की ‘रामायण: पार्ट-1’ और शाहरुख खान की ‘किंग’ ऐसी दो फिल्में हैं, जिन पर दर्शकों के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री की खास नजर बनी हुई है। बड़े स्टारकास्ट, हाई-एंड वीएफएक्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रोडक्शन के कारण ये दोनों फिल्में रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण: पार्ट-1’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर अंतरराष्ट्रीय संगीतकार हैंस जिमर और ए.आर. रहमान तैयार कर रहे हैं। हाल ही में फिल्म के ट्रेलर को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (एसडीसीसी) के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किए जाने की घोषणा ने इसे वैश्विक स्तर पर सुर्खियों में ला दिया है।
वहीं, शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘किंग’ का अंतिम चरण का शूटिंग शेड्यूल जल्द शुरू होने वाला है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 450 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जिससे यह शाहरुख खान के करियर की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है।
आईएमडीबी की वर्ष 2026 की मोस्ट अवेटेड इंडियन फिल्मों की सूची में ‘रामायण’ पहले स्थान पर है, वही ‘किंग’ भी शीर्ष फिल्मों में शामिल है। इससे दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन फिल्मों की सफलता सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारतीय सिनेमा के तकनीकी स्तर और उसकी वैश्विक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान कर सकती है। यही वजह है कि वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में रिलीज होने वाली इन मेगा बजट फिल्मों पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री की निगाहें टिकी हुई हैं।


