43 साल पुराने पुल की जगह महादेवघाट में नया ब्रिज

43 साल पुराने पुल की जगह महादेवघाट में नया ब्रिज

रायपुर, 4 अक्टूबर। महादेवघाट के पुराने ब्रिज के पास खारुन नदी पर अब 180 मीटर लंबा नया पुल बनाया जाएगा। यह नया ब्रिज पुराने विसर्जन घाट को अमलेश्वर से जोड़ेगा। करीब 43 साल पुराने मौजूदा पुल पर बढ़ते ट्रैफिक के दबाव और अमलेश्वर में तेजी से बढ़ती बसाहट को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नए पुल में नदी के बीच 8 स्पॉन बनाए जाएंगे। इसकी ऊंचाई मौजूदा पुल से अधिक रखी जाएगी, ताकि बारिश और बाढ़ के दौरान भी रायपुर-अमलेश्वर के बीच संपर्क बनाए रखने में मदद मिल सके।

रायपुरा-अमलेश्वर मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात के साथ कुम्हारी नेशनल हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट होने पर इस मार्ग पर दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में नया पुल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

1983 में बना था पुराना पुल

महादेवघाट का मौजूदा पुल वर्ष 1983 में बनाया गया था। इस साल बारिश के दौरान गंगरेल बांध के गेट खोले जाने के बाद करीब 20 साल बाद पुल के डूबने की स्थिति बनी थी। इसके चलते करीब तीन दिन तक इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही थी। इस घटना के बाद नए और ऊंचे पुल की जरूरत और अधिक महसूस हुई।

नए ब्रिज की खास बातें

लंबाई: 180 मीटर

चौड़ाई: 16.61 मीटर

नदी में: 8 स्पॉन

प्रशासकीय स्वीकृति: 25.50 करोड़ रुपये

निर्माण अनुबंध: 21.10 करोड़ रुपये

वर्क ऑर्डर: 27 अगस्त 2026

निर्माण पूरा करने की समयसीमा: 26 सितंबर 2027

राज्य खबर