रायपुर, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ी फिल्म और लोककला जगत के वरिष्ठ हास्य कलाकार रामू यादव का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेशभर के कलाकारों, सांस्कृतिक संगठनों और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।
रामू यादव ने अपने अभिनय से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में खास पहचान बनाई। फिल्म ‘तीन बेटी एक दामाद’ में उनके निभाए गए किरदार ने उन्हें घर-घर लोकप्रिय बनाया। उनकी सहज कॉमेडी, दमदार अभिनय और छत्तीसगढ़ी बोली के स्वाभाविक अंदाज ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
फिल्मों के अलावा रामू यादव मंचीय कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों में भी सक्रिय रहते थे। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोकजीवन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
उनके निधन पर फिल्म जगत के कलाकारों, निर्देशकों और सांस्कृतिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है। लोगों का कहना है कि रामू यादव ने अपनी कला से वर्षों तक लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


