CG News: CGPSC SI रिजल्ट पर बवाल… ‘NEWS’ और ‘मैन बटन’ के नाम ने खड़े किए सवाल

CG News: CGPSC SI रिजल्ट पर बवाल… ‘NEWS’ और ‘मैन बटन’ के नाम ने खड़े किए सवाल

रायपुर, 07 अगस्त| CG News: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सब-इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। 12 जुलाई को घोषित रिजल्ट में कुछ ऐसे नाम सामने आए हैं, जिन्हें लेकर कांग्रेस ने परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं और सरकार पर धांधली का आरोप लगाया है।

जारी परिणाम सूची में क्रमांक 467 पर ‘स्पेसरानी’, क्रमांक 6074 पर’ NEWS’, क्रमांक 5769 पर ‘तूफान’ और क्रमांक 93 पर ‘मैन बटन’ नाम दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस सूची को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि सरकार का CGPSC परीक्षा को यूपीएससी की तर्ज पर पारदर्शी बनाने का दावा फेल साबित हुआ है। पार्टी ने मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मुद्दे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि “NEWS और SPACE RANI को CGPSC द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर प्री परीक्षा में सांय-सांय सफलता मिली है। दोनों को सांय-सांय बधाई।”

भूपेश बघेल ने आगे व्यंग्य करते हुए लिखा कि “सनी लियोनी को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने के बाद यह विष्णुदेव साय सरकार की एक और अभूतपूर्व उपलब्धि है।” उन्होंने सरकार पर विज्ञापनों के जरिए उपलब्धियां प्रचारित करने को लेकर भी टिप्पणी की।

हालांकि, इस मामले में अभी तक CGPSC की ओर से इन नामों को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। परीक्षा परिणाम में दर्ज इन नामों की वास्तविकता को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

राज्य खबर