Chhattisgarh News: दीपक बैज का सरकार पर हमला… बोले- प्रदेश की शिक्षा और कानून व्यवस्था बदहाल

Chhattisgarh News: दीपक बैज का सरकार पर हमला… बोले- प्रदेश की शिक्षा और कानून व्यवस्था बदहाल

रायपुर, 18 अगस्त। Chhattisgarh News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार पर शिक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और भवनों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी है कि अब बच्चे अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हैं।

शिक्षकों की कमी को लेकर बच्चों का प्रदर्शन

दीपक बैज ने कहा कि धमतरी के बारना स्कूल में पांच विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण छात्राओं ने स्कूल में ताला लगाकर विरोध किया। वहीं बालोद के झिरिया टोला में भी बच्चे शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि धमधा में स्कूल भवन की मांग को लेकर बच्चे विरोध कर रहे हैं। बैज का आरोप है कि प्रदेश के कई स्कूलों में किताबों और शिक्षकों की कमी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है।

कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था अब असहनीय हो गई है और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

बैज ने राजधानी में महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म के मामले और एक महिला के साथ कथित गैंगरेप की घटना का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने राजनांदगांव के चिखली में घर में घुसकर व्यक्ति की हत्या का भी उल्लेख किया।

कमिश्नरी सिस्टम पर उठाए सवाल

दीपक बैज ने रायपुर की कानून व्यवस्था को लेकर कमिश्नरी सिस्टम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार आम लोगों की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को फोटोसेशन से फुर्सत नहीं है, जबकि आम आदमी की सुरक्षा की किसी को चिंता नहीं है।

राज्य खबर