रायपुर, 21 अगस्त। Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमन यादव ने पुलिस को बताया कि Instagram के दो अकाउंट से लगातार कथित आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे थे। शिकायत के मुताबिक, इन पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कुछ अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों Instagram अकाउंट की गतिविधियों और शेयर की गई सामग्री की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन अकाउंट को कौन संचालित कर रहा है और पोस्ट के पीछे किन लोगों की भूमिका है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों, अकाउंट और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


