MP News: पन्ना में दर्दनाक हादसा… बोरवेल में उतरे पिता-पुत्र की जान गई

MP News: पन्ना में दर्दनाक हादसा… बोरवेल में उतरे पिता-पुत्र की जान गई

पन्ना, 20 अगस्त। MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बने करीब 10-12 फीट गहरे बोरवेल में सिंचाई मोटर सुधारने उतरे पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। दोनों की मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। करंट लगने या बोरवेल के अंदर जहरीली गैस अथवा ऑक्सीजन की कमी को संभावित कारण माना जा रहा है।

पहले बेटा बोरवेल में उतरा

घटना पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा की है। जानकारी के मुताबिक, खेत के बोरवेल में पानी नहीं आ रहा था। इसी दौरान 30 वर्षीय अतुल वर्मन मोटर को देखने के लिए बोरवेल में उतरा।

नीचे जाते ही अतुल अचानक बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए उसके पिता 55 वर्षीय उजागर लाल वर्मन भी बोरवेल में उतर गए। कुछ ही देर में वह भी बेहोश हो गए।

ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला

काफी देर तक पिता-पुत्र के बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। इसके बाद ग्रामीणों और डायल-100 की मदद से दोनों को बोरवेल से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मौत की वजह पोस्टमार्टम के बाद होगी साफ

हादसे की असली वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिजनों को आशंका है कि सिंचाई मोटर से करंट फैलने के कारण हादसा हुआ हो सकता है। वहीं बोरवेल के अंदर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस की मौजूदगी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

Breaking News