बिलासपुर, 21 अगस्त। मल्हार में लीलागर नदी के उफान के बीच एनिकट पार करने की कोशिश दो युवकों के लिए भारी पड़ गई। नदी का पानी एनिकट से करीब दो फीट ऊपर और तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसके बावजूद दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एनिकट पार करने लगे। पानी के तेज बहाव में बाइक का संतुलन बिगड़ा और दोनों युवक बाइक समेत नदी में बह गए।
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को पहले ही एनिकट पार नहीं करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी।
स्थानीय लोगों ने समय रहते बचाया
बाइक के बहाव में जाने के बाद दोनों युवक तेज धारा में फंस गए। यह देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और दोनों युवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मल्हार क्षेत्र के आसपास के रहने वाले हैं और जांजगीर-चांपा की ओर जाने के लिए एनिकट पार कर रहे थे। घटना के समय उनके शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने दी सावधानी बरतने की सलाह
घटना की सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को उफनती लीलागर नदी और एनिकट को पार नहीं करने की समझाइश दी।
बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर एनिकट के ऊपर पानी तेज बहाव के साथ बहता है। ऐसे में इसे पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। इस बार स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों युवकों की जान बच गई, लेकिन ऐसी स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।


