Kawardha News: अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 2 लाख… आरोपी गिरफ्तार

Kawardha News: अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 2 लाख… आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा, 21 अगस्त। Kawardha News: कवर्धा  जिले में अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला से दो लाख रुपये की मांग करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर महिला का शोषण करने, उसका वीडियो बनाने और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में पीड़िता की आरोपी श्रवण यादव से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए और इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया। घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने उसे धमकी दी।

बाद में पीड़िता ने किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया, लेकिन आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क करता रहा और उसे परेशान करने के साथ संबंध बनाने का दबाव डालता रहा। बताया गया कि 28 जून को आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डिलीट करने के बदले दो लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने रुपये दे दिए, लेकिन आरोपी ने वीडियो डिलीट नहीं किया और कथित तौर पर ब्लैकमेल करना जारी रखा।

लगातार परेशान किए जाने के बाद पीड़िता ने महिला थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 64(2)(एम), 351(2) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के आधार पर पीड़िता से संबंधित वीडियो वाले मोबाइल फोन को जब्त किया गया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी श्रवण यादव को गिरफ्तार कर 19 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

क्राइम न्यूज