रायपुर, 22 अगस्त। Raipur News: टिकरापारा थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बालकनी में कपड़े लेने गई 54 वर्षीय कल्याणी यादव करंट की चपेट में आ गईं। मां को बचाने के लिए दौड़ा 23 वर्षीय बेटा मधुसूदन भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कूलर से करंट जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग में फैलने की आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान कल्याणी यादव करंट की चपेट में आ गईं। मां को परेशानी में देखकर बेटा उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि कल्याणी यादव अपने बेटे के साथ धरसींवा के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। वह रायपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही अपनी बेटी से मिलने आई थीं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


