Jaipur News: जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबा जयपुर… मंदिर में उमड़ी भीड़

Jaipur News: जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबा जयपुर… मंदिर में उमड़ी भीड़

जयपुर, 04 सितम्बर। Jaipur News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार को छोटी काशी जयपुर पूरी तरह कृष्ण भक्ति में डूबी नजर आई। शहर में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंज रहे हैं। जयपुर के आराध्य देव गोविंददेवजी मंदिर में तड़के 4 बजे मंगला झांकी के पट खुलते ही श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।

सुबह से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। रिमझिम बारिश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु लड्डू गोपाल को साथ लेकर मंदिर पहुंचे। कई भक्त अपने बच्चों को बाल कृष्ण के रूप में सजाकर दर्शन कराने पहुंचे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जलेब चौक से मंदिर में प्रवेश की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग श्रेणी के श्रद्धालुओं के लिए अलग लाइनें बनाई गई हैं। दर्शन के बाद जय निवास बाग के पूर्वी और पश्चिमी गेट से निकासी की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा के लिए 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंदिर परिसर को 12 सेक्टर में बांटा गया है और पुलिसकर्मी तीन पारियों में ड्यूटी कर रहे हैं। मेटल डिटेक्टर, CCTV और AI कैमरों से निगरानी की जा रही है। फेस रिकॉग्निशन सिस्टम से भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

वहीं, श्रद्धालुओं की सहायता के लिए करीब 1100 स्वयंसेवक और 150 स्काउट तैनात किए गए हैं। मंदिर परिसर में 13 LED स्क्रीन भी लगाई गई हैं।

रात 12 बजे होगा श्रीकृष्ण जन्म

जन्माष्टमी के दिन अलग-अलग झांकियों के जरिए ठाकुरजी के दर्शन होंगे। रात 10 से 11 बजे तक जन्माष्टमी व्रत कथा होगी। इसके बाद रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी होगी।

जन्म के बाद ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद की व्यवस्था की गई है। अभिषेक के बाद पंजीरी, लड्डू, खिरसा और रबड़ी का भोग लगाया जाएगा।

मेट्रो से सफर करने की अपील

जन्माष्टमी को देखते हुए चारदीवारी क्षेत्र में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रखा गया है। श्रद्धालुओं से मेट्रो का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की गई है। मेट्रो सेवा रात 1 बजे तक संचालित होगी।

यातायात पुलिस ने QR कोड आधारित डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिसके जरिए श्रद्धालु पार्किंग, लाइव पार्किंग स्थिति, ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग की जानकारी ले सकेंगे।

5 सितंबर को निकलेगी शोभायात्रा

जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को शाम 4 बजे गोविंददेवजी मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी।

Religion