Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम… 10 सितंबर से बढ़ेगी बारिश

Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम… 10 सितंबर से बढ़ेगी बारिश

रायपुर, 09 सितम्बर। Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर हैं, जिसके चलते लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में बारिश लगभग न के बराबर रही। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 9 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

12 सितंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, 12 सितंबर से बस्तर संभाग सहित प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश तेज हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो जगहों पर भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है।

रायपुर में उमस से परेशान लोग

बारिश थमने के बाद राजधानी रायपुर में तापमान बढ़ने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। बुधवार सुबह शहर में धूप खिली रही। हालांकि मौसम विभाग ने आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड और दुर्ग में सबसे कम तापमान

मंगलवार को प्रदेश के कुछ चुनिंदा इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन मौसमी सिस्टम का रहेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, मुजफ्फरपुर, बस्ती, डेहरी और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।

वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। 11 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम पर नजर रखने की सलाह दी है।

मौसम