Manendragarh News: मनेन्द्रगढ़ में चोरी से दहशत… हाथों में लाठी-डंडे लेकर महिलाएं कर रहीं रातभर पहरेदारी

Manendragarh News: मनेन्द्रगढ़ में चोरी से दहशत… हाथों में लाठी-डंडे लेकर महिलाएं कर रहीं रातभर पहरेदारी

मनेन्द्रगढ़, 09 सितम्बर। Manendragarh News: छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ की रेलवे कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं। वारदातों से डरी महिलाओं ने अब खुद ही अपने इलाके की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। महिलाएं रातभर लाठी-डंडे लेकर कॉलोनी में पहरा दे रही हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते 15 दिनों में रेलवे कॉलोनी में पांच से ज्यादा चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं, चैनपुर इलाके में भी महज 10 दिनों के भीतर छह चोरी की वारदातों की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही चोरी से लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।

पुलिस कार्रवाई से नाराजगी

महिलाओं का आरोप है कि चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में उन्हें अपने परिवार और घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।

इसी को लेकर महिलाओं ने बैठक की और अब रात में खुद ही गश्त करने का फैसला लिया है। महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर रातभर इलाके में घूमकर निगरानी कर रही हैं।

एक सप्ताह का अल्टीमेटम

महिलाओं ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि अगर जल्द चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करेंगी।

क्राइम न्यूज