रायपुर, 17 सितम्बर। Chhattisgarh Banking News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में HDFC बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ में बैंक की 25 वर्ष की सेवा यात्रा की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बैंक के 25 वर्ष पूरे होने पर तैयार विशेष लोगो का विमोचन किया और बैंक प्रबंधन, कर्मचारियों व ग्राहकों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मजबूत और आसानी से उपलब्ध बैंकिंग व्यवस्था प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं को गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया। खासतौर पर बस्तर और सरगुजा संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि गांवों के पास बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को बैंक के काम के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी और औपचारिक बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और अन्य वित्तीय सेवाओं की बेहतर पहुंच से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने में मदद मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने किसानों, युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए बैंकिंग सेवाओं के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान कृषि गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता, युवा स्वरोजगार के लिए ऋण और छोटे कारोबारी अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए पूंजी का लाभ उठा सकते हैं।
साय ने महिला स्व-सहायता समूहों तक ऋण, वित्तीय साक्षरता और अन्य बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की बात कही। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित लेन-देन, बचत और बीमा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत भी बताई।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, HDFC बैंक के ग्रुप हेड अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड सेंट्रल इंडिया प्रतीक शर्मा सहित बैंक के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


