Bhaiyathan Road Development News: 34 करोड़ से अधिक के सड़क कार्य शुरू… ग्रामीण कनेक्टिविटी होगी बेहतर

Bhaiyathan Road Development News: 34 करोड़ से अधिक के सड़क कार्य शुरू… ग्रामीण कनेक्टिविटी होगी बेहतर

भैयाथान, 17  सितम्बर। Bhaiyathan Road Development News: महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान क्षेत्र में 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली दो सड़क परियोजनाओं का कार्यप्रारम्भ पूजन किया। इन सड़कों के निर्माण और उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी।

पहली परियोजना के तहत डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग का 18 किलोमीटर तक चौड़ीकरण और उन्नयन किया जाएगा। इस कार्य की लागत करीब 30.41 करोड़ रुपये है। इसमें बिटुमिनस कंक्रीट, शोल्डर, 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण शामिल है।

दूसरी परियोजना में दर्रीपारा-दनौली मार्ग से झम्मनपारा तक 3.20 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। परियोजना में 3.20 किलोमीटर सड़क, 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल और 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण होगा।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क ग्रामीण विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने और निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोगों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों सहित सभी नागरिकों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

राज्य खबर