रायपुर, 17 सितम्बर। PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हो रही है। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत आज शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी।
प्रदेशभर में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रायपुर में मरीन ड्राइव सहित विभिन्न स्थानों पर लाखों दीये जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से शाम 7 बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में अलग-अलग स्तरों पर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
बिलासपुर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में करीब 10 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है, जबकि जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बने। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।


