Tamannaah Bhatia: छठ पूजा की परंपरा जानकर भावुक हुईं तमन्ना भाटिया… शूटिंग के दौरान छलके आंसू

Tamannaah Bhatia: छठ पूजा की परंपरा जानकर भावुक हुईं तमन्ना भाटिया… शूटिंग के दौरान छलके आंसू

मुंबई, 17 सितम्बर। Tamannaah Bhatia: एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया अपनी अपकमिंग फैंटेसी फिल्म ‘वन’ (Vvan) के गाने ‘छठी मैया’ की शूटिंग के दौरान छठ पूजा की परंपराओं को जानकर भावुक हो गईं। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उन्होंने छठ पूजा से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया।

तमन्ना ने बताया कि वे मुंबई में पली-बढ़ी हैं और बचपन से जुहू बीच पर छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखती थीं। हालांकि, उन्हें इस पर्व की परंपराओं और नियमों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।

गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें पता चला कि छठ पूजा में श्रद्धालु करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखते हैं। इस परंपरा को जानकर वे काफी प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि आजकल लोग आभार और सकारात्मक सोच की बातें करते हैं, लेकिन छठ पूजा की परंपराओं में इसका एक सुंदर रूप देखने को मिलता है।

डूबते सूरज को भी दिया जाता है सम्मान

तमन्ना ने कहा कि आमतौर पर लोग उगते हुए सूरज को प्रणाम करते हैं, लेकिन छठ पूजा में डूबते हुए सूरज को भी उतना ही सम्मान और महत्व दिया जाता है। गाने के एक सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान वे इस भावना से इतनी जुड़ गईं कि उनकी आंखों में अपने आप आंसू आ गए।

उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर वे सिर्फ एक माध्यम हैं और कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जो हमारे नियंत्रण से बाहर होती हैं। तमन्ना ने यह भी कहा कि आने वाले समय में जब भी वे किसी को छठ पूजा करते देखेंगी, तो उन्हें इस गाने की याद जरूर आएगी।

सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ पहली फिल्म

‘वन’ के जरिए सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन ‘पंचायत’ फेम निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। फिल्म में मनीष पॉल, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनूप सोनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी फैंटेसी और लोककथाओं पर आधारित है। इसका ट्रेलर 2 मिनट 44 सेकंड का है, जिसमें एक रहस्यमयी और प्रतिबंधित जंगल की कहानी दिखाई गई है। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Trending