रायपुर के नर्सिंग होम में AC ब्लास्ट… ऑपरेशन थिएटर में लगी भीषण आग

रायपुर के नर्सिंग होम में AC ब्लास्ट… ऑपरेशन थिएटर में लगी भीषण आग

रायपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जल विहार कॉलोनी रोड स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर (OT) के एयर कंडीशनर (AC) में अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से ऑपरेशन थिएटर में रखे चिकित्सा उपकरणों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय ऑपरेशन थिएटर से लगे चेंजिंग रूम में अस्पताल का स्टाफ मौजूद था। AC में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैलने लगी। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी। इसके बाद दमकल विभाग और एंबुलेंस को बुलाया गया।

समय रहते मरीजों को किया गया शिफ्ट

घटना के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। खासकर आईसीयू (ICU) में भर्ती मरीजों को भी दूसरी जगह ले जाया गया। समय रहते उठाए गए कदमों से बड़ी जनहानि टल गई।

दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू

सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Breaking News