Samvidhan Diwas: संविधान के मूल्यों से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़… CM साय

Samvidhan Diwas: संविधान के मूल्यों से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़… CM साय

रायपुर, 27 नवम्बर। Samvidhan Diwas: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं के योगदान को याद किया। साथ ही बाबा साहेब के जीवन और विचारों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। राज्य सरकार संविधान के इन्हीं मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संविधान ने सभी को दिया समान अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसकी विशेषता है कि इसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना इसी समान अवसर की भावना का उदाहरण है।

आपातकाल को याद कर लोकतंत्र सेनानियों का किया जिक्र

सीएम साय ने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। उन्होंने अपने बड़े पिताजी नरहरि साय का जिक्र करते हुए बताया कि आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष हमें संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने बताया कि लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में राज्य सरकार ने बंद की गई सम्मान राशि को दोबारा शुरू किया है।

जनजातीय परंपराओं को प्रभावित नहीं करेगी UCC

समान नागरिक संहिता (UCC) पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इसे लागू करने की दिशा में समिति गठित की गई है। उन्होंने जनजातीय समाज को आश्वस्त किया कि उनकी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। UCC के प्रावधानों से जनजातीय परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

बस्तर में शांति और विकास के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतंत्र और विकास को चुनौती दी। इसके बावजूद बस्तर की जनता ने लोकतंत्र पर अपना विश्वास बनाए रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई है। अब बस्तर में शांति और सुरक्षा के साथ सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का किया जिक्र

सीएम साय ने कहा कि संविधान की लोककल्याणकारी भावना के अनुरूप सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को मजबूत कर रही है। वहीं सांसद संतोष पांडेय ने बाबा साहेब की विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

राज्य खबर