रायपुर, 26 नवम्बर। Kanak Tiwari death: छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, गांधीवादी चिंतक और वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का निधन हो गया है। वे 86 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था। वे संविधान, गांधीवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों पर अपनी बेबाक लेखनी और विचारों के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की थी। करीब 8-9 साल तक शिक्षण कार्य करने के बाद वे पत्रकारिता से जुड़े। इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई की और वकालत शुरू की। वर्ष 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ पास की थी।
कनक तिवारी मजदूर आंदोलन के नेता शंकर गुहा नियोगी से जुड़े कानूनी मामलों में भी सक्रिय रहे। मजदूरों के अधिकार, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय उनके प्रमुख सरोकार थे।
दिसंबर 2018 में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था। हालांकि, जून 2019 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया। इस फैसले पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से सवाल भी उठाए थे।
आदिवासी अधिकारों पर लिखी उनकी चर्चित पुस्तक ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा’ सहित कई किताबें उनके वैचारिक योगदान की पहचान हैं।
परिजनों के मुताबिक, उनकी बेटी के सिंगापुर से पहुंचने के बाद शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से छत्तीसगढ़ के साहित्यिक, सामाजिक और कानूनी जगत में शोक की लहर है।


