Mahadev Satta App Case: महादेव नेटवर्क ने बदला ठिकाना… अब ब्रिटेन से हो रहा संचालन

Mahadev Satta App Case: महादेव नेटवर्क ने बदला ठिकाना… अब ब्रिटेन से हो रहा संचालन

रायपुर, 28 नवम्बर। Mahadev Satta App Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को लेकर जांच एजेंसियों ने शिकंजा और कस दिया है। कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच इस सिंडिकेट के संचालन को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। बताया जा रहा है कि अब इस नेटवर्क का संचालन दुबई के बजाय ब्रिटेन से किया जा रहा है। वहीं, इसके पैनल श्रीलंका और वियतनाम से संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

दरअसल, रेड कॉर्नर नोटिस और इंटरपोल की कार्रवाई के बाद दुबई पुलिस ने महादेव नेटवर्क से जुड़े रवि उप्पल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नेटवर्क से जुड़े कई लोगों ने अपने ठिकाने बदल लिए। कुछ लोगों के मलेशिया पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, कार्रवाई से बचने के लिए नेटवर्क से जुड़े लोगों ने अपनी भूमिकाओं और संचालन के तरीकों में भी बदलाव किया है।

शुभम सोनी और अनिल अग्रवाल को भारत लाने की तैयारी

सौरभ चंद्राकर के करीबी शुभम सोनी और अनिल अग्रवाल उर्फ अतुल को भारत लाने की तैयारी की जा रही है। इनके साथ भोपाल के कारोबारी विशाल आहूजा के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि ईडी के नोटिस के बावजूद तीनों पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। ऐसे में जांच एजेंसी इनके प्रत्यर्पण के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कर रही है।

दिल्ली में कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

महादेव सट्टा मामले में ईडी की तलाशी दूसरे दिन भी जारी रही। दिल्ली में कारोबारी राहुल मक्कर, शैली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर जांच की गई। एजेंसी इन लोगों के कथित वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क से संबंधों की पड़ताल कर रही है।

रियल एस्टेट और होटल कारोबार में निवेश की आशंका

जांच एजेंसी को आशंका है कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम का इस्तेमाल दुबई के रियल एस्टेट और भारत के होटल, क्लब व हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश के लिए किया गया। अब जांच का दायरा केवल सट्टेबाजी के नेटवर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में छिपाई गई रकम और निवेश के तरीकों की भी पड़ताल की जा रही है।

Breaking News