Chhattisgarh News: किसान की सालभर की मेहनत राख… खलिहान में जल गई धान पूलियां

Chhattisgarh News: किसान की सालभर की मेहनत राख… खलिहान में जल गई धान पूलियां

कांकेर, 28 नवम्बर। Chhattisgarh News: जिले के पखांजूर क्षेत्र में एक किसान की सालभर की मेहनत कुछ ही घंटों में आग की भेंट चढ़ गई। बड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुरवंडी में खलिहान में रखी धान की खरही में आग लगने से करीब 1500 पूलियां जलकर राख हो गईं। घटना में किसान की पूरी फसल नष्ट हो गई। आग लगाने के पीछे किसी अज्ञात व्यक्ति का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मुरवंडी निवासी किसान बुद्धूराम उसेंडी ने 6 एकड़ जमीन पर धान की खेती की थी। फसल तैयार करने के लिए उन्होंने कर्ज भी लिया था। कटाई के बाद धान की पूलियों को खलिहान में जमा करके रखा गया था। इसी दौरान रात में किसी ने कथित तौर पर खरही में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। पानी और लकड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक करीब 1500 धान की पूलियां जलकर नष्ट हो चुकी थीं।

फसल बर्बाद होने से किसान बुद्धूराम के सामने अब परिवार का भरण-पोषण करने और खेती के लिए लिया गया कर्ज चुकाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार ने पटवारी को मौके पर जाकर पंचनामा तैयार करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

वहीं, ग्रामीणों ने घटना के जिम्मेदार व्यक्ति की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने और पीड़ित किसान को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Breaking News