रायपुर, 20 सितंबर। Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 114 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल मैच में अपनी जगह पक्की कर ली है।
मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की शतकीय पारी खेली। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 रन और स्मृति मंधाना ने 37 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की महिला टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट, जबकि श्री चरणी ने 2 विकेट हासिल किए।
अब भारतीय महिला टीम 22 सितंबर को गोल्ड मेडल मुकाबले में श्रीलंका का सामना करेगी।


