रायपुर, 07 सितम्बर। Assistant Teachers: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षकों की लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति के निराकरण की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की मध्यस्थता में हुई बैठक में सहायक शिक्षकों की वेतन संबंधी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वेतन विसंगति के निराकरण की दिशा में जल्द पहल की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में विभागीय मंत्री और वित्त मंत्री को प्रस्ताव भेजने की बात कही।
फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने सहायक शिक्षकों को क्रमोन्नत वेतनमान देने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति का समाधान संभव है और यह मांग ‘मोदी की गारंटी’ में भी शामिल है।
राठौर ने कहा कि प्रदेश के सहायक शिक्षक लंबे समय से अपनी मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मामले को प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष रखने का आग्रह किया, ताकि हजारों सहायक शिक्षकों को राहत मिल सके।
बैठक के बाद फेडरेशन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि विधानसभा अध्यक्ष की पहल से अब इस मामले में जल्द ठोस निर्णय लिया जा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बसंत कौशिक, राजू टंडन, प्रदेश सचिव, सिराज बक्श, महासमुंद जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर, प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक धुर्वे, आत्माराम साहू, अर्जुन झाड़े, चेतन परिहार, हृदय राठौर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


