Bilaspur News: ज्वेलरी शॉप विवाद… एक ही सोने के कड़े ने सराफा बाजार में मचाया बवाल, 22 और 20 कैरेट की जांच से उठे सवाल

Bilaspur News: ज्वेलरी शॉप विवाद… एक ही सोने के कड़े ने सराफा बाजार में मचाया बवाल, 22 और 20 कैरेट की जांच से उठे सवाल

बिलासपुर, 16 अगस्त। Bilaspur News: स्वतंत्रता दिवस के दिन बिलासपुर के सदर बाजार स्थित सराफा कारोबार में सोने के एक कड़े की शुद्धता जांच को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर जांच करनी पड़ी। पुलिस ने संबंधित कैरेटोमीटर मशीन और DVR को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सदर बाजार स्थित एसके ज्वैलर्स से खरीदा गया सोने का कड़ा ग्राहक बिक्री से पहले उसकी शुद्धता की जांच कराने के लिए मालाबार ज्वैलर्स के शोरूम लेकर पहुंचा था। यहां कैरेटोमीटर मशीन से जांच किए जाने पर कड़े की शुद्धता कथित तौर पर 22 कैरेट के बजाय 20 कैरेट बताई गई।

ग्राहक ने जांच के इस परिणाम की जानकारी उस कारोबारी को दी, जहां से उसने कड़ा खरीदा था। इसके बाद दुकान संचालक भी ग्राहक के साथ मालाबार ज्वैलर्स पहुंचा और कड़े की दोबारा जांच कराई गई।

दूसरी जांच में आया अलग परिणाम

दूसरी बार जांच में उसी कड़े की शुद्धता 22 कैरेट बताई गई। एक ही कड़े की जांच में दो अलग-अलग परिणाम सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मामला बढ़ने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के लिए कैरेटोमीटर मशीन और DVR कब्जे में लिया है, ताकि पूरे घटनाक्रम और जांच प्रक्रिया की पड़ताल की जा सके।

जांच के बाद साफ होगी असली तस्वीर

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एक ही सोने के कड़े की जांच में अलग-अलग परिणाम क्यों सामने आए। मशीन की तकनीकी स्थिति, जांच की प्रक्रिया और कड़े की वास्तविक शुद्धता समेत सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

राज्य खबर