रायपुर, 04 नवम्बर। CG BJP Election Team: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से पार्टी ने प्रदेश चुनाव टोली का गठन किया है। इसके साथ ही निकायवार चुनाव प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है। इस संबंध में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने आदेश जारी किया है।
नई चुनावी टीम में संगठन के अनुभवी नेताओं के साथ मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

संतोष पांडेय बने प्रदेश मुख्य प्रवक्ता
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय को प्रदेश मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं अखिलेश सोनी को प्रदेश महामंत्री, भूपेंद्र सवन्नी को क्रेडा अध्यक्ष और सौरभ सिंह को खनिज विकास निगम अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा किशोर राय को नगरीय निकाय प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। पंकज कुमार झा को मीडिया सलाहकार, सुनील पिल्लई को IT सेल प्रदेश संयोजक, मितुल कोठारी को सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक और हेमंत पाणिग्राही को प्रदेश मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।
निकायवार चुनाव प्रभारियों की भी नियुक्ति
बीजेपी ने निकायवार चुनाव प्रभारियों के नाम भी तय कर दिए हैं। इसके तहत नगर पंचायत तमनार की जिम्मेदारी लखनलाल साहू को सौंपी गई है। बड़ी करेली में शशि पवार को प्रभारी बनाया गया है। वहीं बिलाईगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए केदार गुप्ता को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने इन नियुक्तियों के जरिए निकाय चुनाव की तैयारियों को गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब देखना होगा कि नई चुनावी टीम आगामी निकाय चुनावों में बीजेपी के लिए कितनी प्रभावी साबित होती है।


