CG Development Works: सक्ती को 122 करोड़ की सौगात… 38 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

CG Development Works: सक्ती को 122 करोड़ की सौगात… 38 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

सक्ती, 12 सितम्बर। CG Development Works: केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में करीब 122 करोड़ रुपये के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 121 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन और 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

इन विकास कार्यों से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। भूमिपूजन किए गए कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर लंबी सड़क और करीब 15.30 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नए भवन, मालखरौदा के बेदराम शासकीय महाविद्यालय में अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भी भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा विभिन्न गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र और महतारी सदन के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।

वहीं, करीब 42.46 करोड़ रुपये की लागत से 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र की सड़क परियोजनाएं, पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण और बुंदेली-अड़भार मार्ग जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

इसके साथ ही जल जीवन मिशन के सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नए तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नए पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा महतारी सदन सहित कई विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

राज्य खबर