CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू… उपज बेचने से पहले किसान जान लें ये जरूरी नियम

CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू… उपज बेचने से पहले किसान जान लें ये जरूरी नियम

रायपुर, 15 नवम्बर। CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। किसान अपना टोकन लेकर निर्धारित खरीदी केंद्रों में धान बेच सकेंगे। इस बार किसानों को मिलने वाली राशि दो आधारों पर तय होगी। धान बेचने पर समर्थन मूल्य के हिसाब से भुगतान किया जाएगा, जबकि कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता राशि किसान के पंजीकृत और पात्र रकबे के आधार पर मिलेगी।

15 क्विंटल धान बेचने पर मिलेंगे ₹50,454

उदाहरण के तौर पर, यदि किसी किसान के नाम एक एकड़ धान का रकबा पंजीकृत है और वह अधिकतम 21 क्विंटल की जगह 15 क्विंटल कॉमन ग्रेड धान बेचता है, तो उसे समर्थन मूल्य के हिसाब से ₹36,615 मिलेंगे। इसके अलावा कृषक उन्नति योजना के तहत एक एकड़ की पूरी ₹13,839 सहायता राशि भी मिलेगी। इस तरह किसान को कुल ₹50,454 प्राप्त होंगे।

प्रति एकड़ ₹13,839 की सहायता का गणित

कॉमन ग्रेड धान के समर्थन मूल्य ₹2,441 और राज्य सरकार द्वारा तय ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर के बीच ₹659 का अंतर है। इसी अंतर को प्रति एकड़ अधिकतम खरीदी सीमा 21 क्विंटल के आधार पर जोड़कर ₹13,839 की सहायता राशि तय की गई है।

इस हिसाब से दो एकड़ पात्र रकबे वाले किसान को ₹27,678 और तीन एकड़ वाले किसान को ₹41,517 की सहायता मिलेगी।

3,100 केंद्रों पर होगी धान खरीदी

प्रदेश में 3,100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। खरीदी शुरू होने से पहले ही 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके थे।

धान खरीदी को लेकर केंद्रों पर बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और खरीदे गए धान के भंडारण व परिवहन की व्यवस्था की गई है। सरकार का लक्ष्य किसानों को सुविधाजनक तरीके से धान बेचने और समय पर भुगतान उपलब्ध कराना है।

राज्य खबर