CG Employees News: कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंजूरी पर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने CM साय का जताया आभार

CG Employees News: कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंजूरी पर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने CM साय का जताया आभार

रायपुर, 07 नवम्बर। CG Employees News: मुख्यमंत्रीविष्णु देव साय से शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक श्री कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों की लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। इस सुविधा से गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार की स्थिति में कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अब उपचार के लिए पहले बड़ी राशि की व्यवस्था करने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियां कम होंगी। इससे प्रदेश के लाखों शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही फेडरेशन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित भी किया।

इस अवसर पर श्री पंकज पाण्डेय, श्री सत्येंद्र देवांगन, श्री अश्वनी चेलक, श्री जय कुमार साहू, श्री पीताम्बर पटेल, श्री आलोक मिश्रा एवं श्री संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

राज्य खबर