CG Fraud Case: डाटा एंट्री नौकरी का झांसा… 39.33 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी

CG Fraud Case: डाटा एंट्री नौकरी का झांसा… 39.33 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी

भिलाई, 17 अक्टूबर। CG Fraud Case: छत्तीसगढ़ के भिलाई में ऑनलाइन डाटा एंट्री जॉब दिलाने के नाम पर 39.33 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक व्यक्ति को नौकरी का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इंडिया मार्ट के जरिए किया संपर्क

पुलिस के मुताबिक, भिलाई के नेहरू नगर निवासी 57 वर्षीय राजेश कुमार चौरसिया ने 2 जुलाई 2026 को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने इंडिया मार्ट के जरिए उनसे संपर्क किया और नोएडा की ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डाटा एंट्री का काम दिलाने का झांसा दिया।

एग्रीमेंट होने के बाद जब पीड़ित ने काम शुरू किया, तो आरोपियों ने डाटा करप्ट होने की बात कही। इसके बाद डाटा रिकवर करने और सॉफ्टवेयर टूल्स खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। इस तरह पीड़ित के IDFC बैंक खाते से कुल 39.33 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन उत्तराखंड के नैनीताल क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राम निवास और राहुल बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

क्राइम न्यूज