CG Government Jobs: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका… 1703 पदों पर निकली भर्ती

CG Government Jobs: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका… 1703 पदों पर निकली भर्ती

रायपुर, 06 नवम्बर। CG Government Jobs: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर उपलब्ध कराया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न विभागों के 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।

भर्ती में सबसे अधिक सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद शामिल हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, पंजीयक लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद और उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इसके साथ ही शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25 पद, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 पद, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 पद और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद शामिल हैं।

27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2026, शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक सुधार कर सकेंगे।

10 जनवरी को होगी लिखित परीक्षा

भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। यह परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थी, जो परीक्षा में शामिल होंगे, उन्हें नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे भुगतान किया गया होगा।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

राज्य खबर