रायपुर, 07 नवम्बर। CG Jobs: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज की तीनों कंपनियों में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 38 प्रकार के कुल 1,501 रिक्त पदों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन 5 नवंबर को जारी किया है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान भी इसी अवधि तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।
भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन के पात्र होंगे। प्रत्येक पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में उपलब्ध कराई गई है।
कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा पद
भर्ती में सबसे अधिक पद कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।
वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पदों पर भर्ती होगी। इनमें तीनों कंपनियों में क्रमशः 95, 64 और 450 पद शामिल हैं।
तकनीकी पदों पर भी होगी भर्ती
तकनीकी पदों के अंतर्गत सहायक अभियंता मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं।
इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रिकल के 167, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस और सूचना प्रौद्योगिकी के एक-एक तथा सिविल के 26 पदों पर भर्ती की जाएगी।
अन्य पदों के लिए भी निकली भर्ती
भर्ती प्रक्रिया में फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, शिफ्ट केमिस्ट, प्रोग्रामर, सब फायर ऑफिसर, सुरक्षा निरीक्षक और सुरक्षा उप निरीक्षक के पद भी शामिल हैं।
अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के तहत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पदों पर भर्ती की जाएगी। फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पद भी शामिल हैं।
इसके अलावा लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8, सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 और हिंदी के 13 पदों पर भर्ती होगी।
स्वास्थ्य से जुड़े पदों में सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद शामिल हैं।


