CG News: नवजात खरीद-फरोख्त मामले में कलेक्टर का एक्शन… दिवाकर अस्पताल को लाइसेंस निरस्तीकरण का नोटिस

CG News: नवजात खरीद-फरोख्त मामले में कलेक्टर का एक्शन… दिवाकर अस्पताल को लाइसेंस निरस्तीकरण का नोटिस

रायपुर, 27 नवम्बर। CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के गंभीर मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गोगांव स्थित दिवाकर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने अस्पताल प्रबंधन को 30 दिन का नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं, इस मामले में पुलिस अब तक एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शुरुआती जांच में इस अवैध नेटवर्क के आठ राज्यों तक फैले होने की जानकारी सामने आई है।

अस्पताल के नाम पर बनाए गए फर्जी दस्तावेज

प्रशासन की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल में प्रसव नहीं होने के बावजूद नवजात बच्चों के फर्जी डिस्चार्ज टिकट और मेमो तैयार किए गए। आरोप है कि इसके लिए अस्पताल के लेटरहेड, सील और हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया गया।

बताया जा रहा है कि बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों के आधार कार्ड लेकर इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम में आवेदन किए गए और कथित तौर पर अवैध तरीके से जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाए गए। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने नर्सिंग होम एक्ट के तहत अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की है।

मुफ्त इलाज का झांसा देकर गर्भवती महिला को बुलाया रायपुर

इस पूरे मामले का खुलासा ओडिशा की एक गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि महिला को मुफ्त प्रसव और इलाज का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया गया था। यहां उसकी मुलाकात कृतिका साहू, गीतिका और अहिल्या नाम की महिलाओं से कराई गई।

इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोपियों ने महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला के इनकार करने पर उसे कथित तौर पर डराया-धमकाया गया।

प्रसव के बाद नवजात समेत महिला को बनाया बंधक

पीड़िता के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद उसे नवजात शिशु के साथ दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बना लिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की बात कही। महिला की सहमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास भी किया गया।

शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया।

डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों समेत 7 गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को दिवाकर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कोरव और अश्वनी शर्मा की कथित भूमिका के सबूत मिले। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, अस्पताल की सील और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किए जाते थे। इसके अलावा कृतिका साहू से एक नवजात बच्ची खरीदने के आरोप में जितेंद्र खेतान को भी गिरफ्तार किया गया है। इस तरह मामले में अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

आठ राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के आठ राज्यों तक फैले होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

वहीं, जिला प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने के लिए 30 दिन का समय दिया है। नोटिस का जवाब मिलने और आगे की जांच के आधार पर अस्पताल के लाइसेंस को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

राज्य खबर