रायपुर, 16 सितंबर। CG News: छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में हुई वर्चुअल बैठक में नगर निगमों के महापौर और आयुक्तों के अलावा नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में अभियान की गतिविधियों, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार की तैयारियों पर चर्चा की गई।
सरकारी कार्यक्रम नहीं, जनभागीदारी का बने अभियान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ा जाए।
उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साव ने कहा कि देश की विकास यात्रा में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और अभियान के जरिए सेवा, जनकल्याण व विकास की भावना को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
फोटो-वीडियो से दर्ज होगी अभियान की हर गतिविधि
बैठक में अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों के फोटो और वीडियो दस्तावेजीकरण पर भी जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रत्येक आयोजन की रिकॉर्डिंग कराने और उसकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को भी सामने लाने को कहा गया। लाभार्थियों के अनुभव और उनके जीवन में आए बदलावों को रिकॉर्ड कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रचारित किया जाएगा।
सेवा, स्वच्छता और नवाचार पर होंगी गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है। बैठक में ‘सेवा की कहानी’ के जरिए लाभार्थियों की सफलता और बदलाव की कहानियां साझा करने तथा ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर चर्चा हुई।
स्वच्छता अभियान में युवाओं और महिलाओं को जोड़ने पर जोर
बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ से जुड़ी गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा, जहां अभियान के बाद बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे। साथ ही सफाई से पहले और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।


